Bihar News: पटना में दिन दिनदहाड़े 10 राउंड गोलीबारी, बेखौफ बदमाशों ने दो को ठोका, इलाके में मचा कोहराम
Bihar News: पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बेखौफ अपराधियों ने दिन दहाड़े 10 राउंड गोलीबारी की है। घटना में दो युवकों को गोली लगी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। बेखौफ बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जमीन विवाद में गोलीबारी की आशंका जताई जा रही है। घायल महारानी होटल के संचालक बताए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े गोलीबारी
दरअसल, पूरा मामला पटना सिटी के गोपालपुर थाना क्षेत्र का है। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए NMCH में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आलमगंज थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश यादव अपने सहयोगियों के साथ जमीन देखने गए थे। वहां से लौटने के दौरान स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
दो शख्स को लगी गोली
इस गोलीबारी में ओमप्रकाश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उनके साथ मौजूद जितेंद्र नामक युवक को पेट में दो गोलियां लगी हैं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घायल ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वे करीब दो बीघा जमीन देखने गए थे। वापस लौटते समय स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। उन्होंने इस मामले में उदय सिंह, उज्ज्वल सिंह और गौरव सिंह पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पटना से रजनीश की रिपोर्ट