प्रशांत किशोर का एनडीए सरकार पर बड़ा हमला : 'जनता बाढ़ से परेशान, सरकार विकसित भारत के नाम पर दीया जला रही
पीके ने प्रदेश की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला है। कहा है कि बिहार का एक बड़ा हिस्सा भीषण बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहा है। लाखों लोग बेघर होकर दाने-दाने को तरस रहे हैं। सरकार और उसके प्रतिनिधि 'विकसित भारत' के नाम पर दीया जलाने के दिखावे में व्यस्त
Nawada : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बुधवार को नवादा पहुँचे। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह एवं शिक्षक निर्वाचन प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार सरकार और केंद्र की नीतियों पर तीखे हमले बोले। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत पूरी एनडीए सरकार को बेरोजगारी, पलायन और प्रशासनिक विफलता के मुद्दों पर कटघरे में खड़ा किया।
'बिहार में नीतीश कुमार की तस्वीर तक गायब'
प्रशांत किशोर ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि कई जगहों से नीतीश कुमार की तस्वीरें तक गायब हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को आज भी रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है, जबकि सरकार केवल कागजों पर विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
'जनता बाढ़ से परेशान, सरकार विकसित भारत के नाम पर दीया जला रही'
सूबे में बाढ़ की गंभीर स्थिति और सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए पीके ने कहा कि बिहार का एक बड़ा हिस्सा भीषण बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहा है और लाखों लोग बेघर होकर दाने-दाने को तरस रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सरकार और उसके प्रतिनिधि 'विकसित भारत' के नाम पर दीया जलाने और दिखावा करने में व्यस्त हैं। उन्होंने सवाल पूछा कि जब राज्य की जनता ही मूलभूत सुविधाओं से वंचित और परेशान है, तो यह विकास का दावा किसके लिए किया जा रहा है।
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार पर निशाना
पटना स्नातक सीट से चुनाव लड़ रहे जदयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार पर प्रहार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि नीरज कुमार ने जनता के लिए क्या काम किया और उनके बयान क्या रहे हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षित स्नातक और शिक्षक मतदाता सब समझ रहे हैं और आने वाले चुनाव में वोट के जरिए इसका कड़ा जवाब देंगे।
अनंत सिंह के समर्थन पर बोले पीके- 'बदलाव चाहने वालों का स्वागत है'
मोकामा विधायक अनंत सिंह द्वारा जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन को लेकर उठे सवालों पर प्रशांत किशोर ने रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति बिहार में व्यवस्था परिवर्तन और जन सुराज की सोच के साथ जुड़ना चाहता है या समर्थन देना चाहता है, उसमें पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है। बदलाव की इस लड़ाई में साथ आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है। उनके इस बयान के बाद नवादा से लेकर पटना तक की राजनीति में नया सियासी उबाल आ गया है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट