Bihar News : बिहारशरीफ में 26 सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का होगा आयोजन, देशभर से आये 250 से अधिक कवि करेंगे कविता पाठ
नवोत्साह साहित्य संगम के तत्वावधान में आगामी 26 सितंबर को बिहारशरीफ शहर के टाउन हॉल में एक भव्य 'अखिल भारतीय कवि सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा।
NALANDA : नवोत्साह साहित्य संगम द्वारा शहर के टाउन हॉल में आगामी 26 सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को रामचंद्रपुर ब्राइट माइंड्स स्कूल के प्रांगण में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान साहित्यकारों ने दी। प्रदेश अध्यक्ष उत्पल भारद्वाज ने कहा कि नवोत्साह साहित्य संगम का उद्देश्य बिहार की गौरवपूर्ण साहित्यिक परंपरा को फिर से स्थापित करना है। इसके साथ ही नए और उभरते कवियों को मंच उपलब्ध कराना तथा युवा पीढ़ी को साहित्य सृजन से जोड़ना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का माध्यम है। युवाओं में रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए उन्हें कविता और साहित्य से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में नवादा में बड़े साहित्यिक समागम का प्रस्ताव है, जिसमें देशभर से करीब 250 से अधिक कवियों के शामिल होने की संभावना है।
वहीँ राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश कुमार पांडे ने कहा कि संस्था साहित्य को केवल कवि सम्मेलनों तक सीमित रखने के बजाय स्कूली बच्चों और युवाओं तक पहुंचाने की दिशा में भी काम करेगी। बच्चों को कविता और साहित्य से जोड़कर उनमें रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक बिहार के सभी जिलों में नवोत्साह साहित्य संगम की जिला इकाइयों के गठन का लक्ष्य रखा गया है।
जबकि जिला अध्यक्ष डॉ. प्रणय कुमार ने कहा कि बिहारशरीफ में होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए नालंदा जिला इकाई के सभी सदस्य लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कवियों की मौजूदगी से जिले के साहित्यप्रेमियों को एक बेहतर साहित्यिक मंच मिलेगा।
सम्मेलन में चर्चित कवि दमदार बनारसी, डॉ. शिखा दीप्ति, ज्ञानेंद्र शुक्ला, डॉ. पंकज झा, ओमकार कश्यप, नीना बंधन, सागर आनंद, गौतम सरगम, शंकर भगवान साकेत, ध्रुव, सोनिया अनंत समेत कई कवियों के शामिल होने की जानकारी दी गई। मौके पर जिला संरक्षक चंदन पांडे रामाधीन प्रसाद, संजीव कुमार पाठक, मीडिया प्रभारी गौतम कुमार निराला, कार्यक्रम प्रभारी धर्मवीर कुमार, कार्यक्रम सहयोगी श्याम सुंदर कुमार और सुनील कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।
राज की रिपोर्ट