Bihar News : पटना के ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर भागलपुर में लोजपा (रा) की हुई बैठक, चिराग पासवान करेंगे युवाओं से सीधा संवाद

Bihar News : आगामी 24 सितंबर को पटना के वेटनरी कॉलेज में आयोजित होने वाले ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर लोजपा (रा) ने भागलपुर में संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : पटना के ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम को लेकर भागलपुर
चिराग करेंगे संवाद - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : आगामी 24 सितंबर को पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले 'यूथ बोले तो' कार्यक्रम को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भागलपुर में अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक के निर्देश पर रविवार को भागलपुर सर्किट हाउस में पार्टी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में भागलपुर जिले से युवाओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी की विधायक एवं सचेतक संगीता देवी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नाथनगर विधायक मिथुन कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान ने दोनों विधायकों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान ने संगठन के सभी प्रखंड अध्यक्षों, जिला कमेटी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंडों से पटना जाने वाले कार्यकर्ताओं और युवाओं की संख्यात्मक रिपोर्ट जल्द से जल्द जिला नेतृत्व को सौंपें। उन्होंने जोर देकर कहा कि भागलपुर से युवाओं की भागीदारी ऐतिहासिक होनी चाहिए और इसके लिए सभी स्तरों पर आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए।

मुख्य अतिथि विधायक संगीता देवी ने बताया कि पटना के वेटनरी कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और युवाओं तथा छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने भागलपुर के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचने का आह्वान किया और बताया कि वे इसी सिलसिले में कार्यकर्ताओं को आमंत्रण देने भागलपुर पहुंची हैं।

तैयारियों की समीक्षा करते हुए नाथनगर विधायक मिथुन कुमार ने कहा कि भागलपुर से सैकड़ों की संख्या में युवा, छात्र और पार्टी कार्यकर्ता ट्रेन के जरिए पटना के लिए रवाना होंगे। बैठक का कुशल संचालन पार्टी के मीडिया प्रभारी सचिन पासवान ने किया। इस अवसर पर युवा प्रधान महासचिव आशीष कुमार, संतोष कुमार, मुकेश सिंह कुशवाहा, संगीता तिवारी, अंशु प्रियंका मिश्रा, जुगेश साह, अमिश मिश्रा, अमित पासवान, आजाद पासवान, सागर राजपूत, दुर्गेश भगत, अर्जुन पासवान, मंजीत कुशवाहा सहित प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट