Bihar News : खगड़िया पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 2 कारीगरों समेत 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण किया बरामद
Bihar News : खगड़िया पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। वहीँ मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिनमें मुंगेर जिले के दो पेशेवर हथियार कारीगर और एक स्थानीय महिला शामिल है.......पढ़िए आगे
KHAGARIA : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के हरदयाल नगर बन्नी में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुंगेर जिले के दो कथित हथियार कारीगर भी शामिल हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि हरदयाल नगर बन्नी में सुलेखा देवी के घर और घर के पीछे कलाबाड़ी में अवैध हथियारों का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया और मौके से नवीन कुमार यादव, मो. बाबर तथा सुलेखा देवी को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल के दो बैरल, चार पिस्टल स्प्रिंग, देशी कट्टा बनाने में प्रयुक्त एक मढ़ी, एक ड्रिल मशीन, दो लेख मशीन (सिकंजा), लोहे की प्लेट, रेती, फ्रेम, लोहे का कटर, प्लायर, लोहे के पाइप, पेचकस, लोहे का चुम्मट, सान पत्थर, हथियार की बॉडी बनाने वाले पत्थर समेत बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और 6,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में महेशखूंट थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 26 अगस्त 2026 को आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन कुमार यादव, पिता कुलदीप प्रसाद यादव, निवासी टीकारामपुर बिहारी मरर टोला, मुफस्सिल थाना, मुंगेर; मो. बाबर, पिता स्व. मो. इस्लाम, निवासी मिर्जापुर बरदह, मुफस्सिल थाना, मुंगेर; तथा सुलेखा देवी, पति संजय कुमार सिंह, निवासी हरदयाल नगर बन्नी, महेशखूंट थाना, खगड़िया के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मो. बाबर का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मुंगेर के मुफस्सिल, बरियारपुर और सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। खगड़िया पुलिस की यह कार्रवाई अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
अमित की रिपोर्ट