Bihar accident: खगड़िया में दर्दनाक हादसा! ऑटो पर पलटा ट्रक, CISF जवान समेत 3 की मौत
Bihar accident: बिहार के खगड़िया में ट्रक-ऑटो के बीच हादसा हो गया, जिसमें CISF जवान समेत 3 की मौत हो गई।
Bihar accident: बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार (30 अप्रैल 2026) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा महेशखूंट थाना क्षेत्र के गौछारी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ, जहां गिट्टी से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक ऑटो पर पलट गया। इस हादसे में सीआईएसएफ के जवान बिपिन चौरसिया, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया और ऑटो चालक टांकेश मुनि की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बिपिन चौरसिया छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए स्टेशन जा रहे थे। उनकी पत्नी भी उन्हें छोड़ने के लिए साथ में ऑटो में बैठ गई थीं, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वह पलटकर सीधे ऑटो पर गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि ऑटो में सवार लोगों को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और ट्रक से गिट्टी हटाकर नीचे दबे लोगों को निकालने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल हुए कुछ लोग
इस हादसे में कुछ अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। खगड़िया के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है और उसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार थी या कोई और कारण। इस दुखद घटना के बाद मृतकों के परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।