Bihar News : खगड़िया में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों में हुई हिंसक झड़प, युवक की हुई मौत, कई लोग हुए जख्मी

Bihar News : खगड़िया में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गयी. जहाँ एक युवक की मौत हो गयी. वहीँ कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.....पढ़िए आगे

Bihar News : खगड़िया में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों में हुई

KHAGARIA : जिले में गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरंगीटोला गांव में मंगलवार दोपहर भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है। मृतक की पहचान हरंगीटोला निवासी नंदू यादव के 40 वर्षीय पुत्र पंकज यादव के रूप में की गई है। 

परिजनों के अनुसार, पंकज यादव अपने घर के समीप बांस काट रहे थे, तभी पड़ोसी टुनटुन ठाकुर से जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि टुनटुन ठाकुर और उनके सहयोगियों ने लाठी-डंडे से पंकज यादव पर बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल पंकज यादव को परिजन तत्काल इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जिससे माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और गोगरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में गोगरी थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

अमित की रिपोर्ट