बगीचे से बरामद हुई 25 वर्षीय युवक की लाश, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका पर एक हिरासत में
Gopalganj : जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के भागी पट्टी गांव में स्थित एक मंदिर के बगल के बगीचे से 25 वर्षीय युवक का संदिग्घ अवस्था में शव बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिलने से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने इस मामले में प्रेम प्रसंग को लेकर गला घोंटकर और पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है।
रात में फोन आने के बाद घर से निकला था मृतक आकाश कुमार
मृतक की पहचान भागी पट्टी गांव के रहने वाले राजा राम के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10 बजे आकाश के मोबाइल पर उसके कुछ दोस्तों का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से बाहर निकला था लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों ने घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित बगीचे में उसका शव देखा, तो परिवार में कोहराम मच गया और रोना-पीटचना शुरू हो गया।
परिजनों का गंभीर आरोप—प्रेमिका के परिवार ने ईंट से कूचकर की हत्या
शव मिलने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि आकाश के शरीर पर कई जगह मारपीट के निशान हैं और उसके शरीर व संवेदनशील अंगों को ईंट से कुचला गया है। परिजनों का दावा है कि यह पूरी तरह से एक सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर इससे पहले भी प्रेमिका पक्ष के लोगों ने आकाश के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि, इन गंभीर आरोपों की अभी तक पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाने की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज
फिलहाल, कटेया थाना पुलिस प्रेम प्रसंग, रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। युवक की यह मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट