Bihar News : कैमूर में सरकारी स्कूल बना तबेला, गेट पर बांधे जा मवेशी, ग्राउंड में सुखाये जा रहे उपले, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

Bihar News : कैमूर में ग्रामीणों ने सरकारी स्कूल को तबेला बना दिया. मवेशियों को मुख्य गेट पर बांधा तो ग्राउंड में उपला सुखाया जा रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में सरकारी स्कूल बना तबेला, गेट पर बांधे
स्कूल बना तबेला - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लोहरा में सरकारी स्कूल को तबेले में तब्दील करने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के मुख्य गेट पर मवेशी बांधे जा रहे हैं, ग्राउंड में उपले सुखाए जा रहे हैं और छत पर सरसों सुखाई जा रही है।

यह स्कूल बिहार सरकार की जमीन पर नहीं बल्कि निजी जमीन पर बना है। जमीन दान देने वाले व्यक्ति द्वारा उसे आगे अन्य लोगों को बेच दिए जाने के कारण स्कूल की जमीन पर गंभीर अतिक्रमण हो गया है, जिससे पठन-पाठन में भारी परेशानी हो रही है।

इस अवैध कब्जे से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने कैमूर के जिलाधिकारी (DM) कुमार अनुराग को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है और स्कूल को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों (उमेश कुमार यादव और रौशन कुमार यादव आदि) का कहना है कि स्कूल की जमीन पर कई लोगों ने निजी मालिकाना हक जताते हुए कब्जा कर रखा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल के पास ही बिहार सरकार की एक एकड़ तीस डिसमिल जमीन उपलब्ध है, जिस पर इस प्राथमिक विद्यालय को नए सिरे से स्थानांतरित कर बनवाया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा सुचारू रूप से चल सके।

देवब्रत की रिपोर्ट