Bihar News : गया जंक्शन पर RPF और GRP ने की बड़ी कार्रवाई, 3.5 लाख रुपये का पोस्ता भूसा किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया में ऑपरेशन नारकोश के तहत आरपीएफ की टीम ने 23 किलो मादक पदार्थ पोस्ता भूसा पाउडर बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 50 हजार 940 रुपये बताई गई है......पढ़िए आगे

Bihar News : गया जंक्शन पर RPF और GRP ने की बड़ी कार्रवाई, 3
पोस्ता भूसा बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 'ऑपरेशन नार्कोस' (Operation Narcos) के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। प्लेटफॉर्म नंबर 1B से चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया गया है। RPF की इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

पितृपक्ष मेले को लेकर बढ़ाई गई थी स्टेशन पर सुरक्षा

आगामी विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के मद्देनजर गया जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा और संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। RPF पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, निरीक्षक चंदन कुमार और GRP थानाध्यक्ष शिवकुमार के कुशल निर्देशन में RPF, CPDS और GRP की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म के दिल्ली छोर पर दो युवक पीठ पर बैग टांगे संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए।

23 किलो से अधिक पोस्ता भूसा पाउडर जब्त

संदेह के आधार पर जब सुरक्षा बलों ने दोनों युवकों को घेरकर पूछताछ की और उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 23 किलोग्राम 396 ग्राम पोस्ता भूसा (Poppy Husk) पाउडर बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय/देशी बाजार में जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 3,50,940 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूरा माल जब्त कर लिया।

चतरा (झारखंड) के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय सुजीत कुमार और 24 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव के रूप में हुई है। RPF और GRP की टीम ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दिया है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने से स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। 

नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह शामिल हो सकता है। पितृपक्ष मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गया जंक्शन पर चौकसी और बढ़ा दी गई है।

मनोज की रिपोर्ट