Bihar News : बिहारशरीफ में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की कार पर हमला, बेकाबू भीड़ ने तोड़ा शीशा, बाल-बाल बचीं एक्ट्रेस

Bihar News : नालंदा में बेक़ाबू भीड़ ने भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की कार पर हमला कर दिया. जिसे उनकी कार का शीशा टूट गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहारशरीफ में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की
एक्ट्रेस की कार पर हमला - फोटो : RAJ

NALANDA : जिले के बिहार शरीफ से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की कार पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय घटी जब अभिनेत्री शहर में आयोजित एक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। काजल राघवानी के आगमन की खबर फैलते ही उन्हें देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए भारी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई।

बेकाबू हुई भीड़, कार पर ईंट से हमला

अभिनेत्री को करीब से देखने और फोटो खिंचवाने की होड़ में भीड़ उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी के बेहद करीब पहुंच गई। देखते ही देखते मौके पर धक्का-मुक्की और अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने काजल राघवानी की गाड़ी पर हाथों और ईंटों से हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में अभिनेत्री की फॉर्च्यूनर कार का शीशा टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा।

पुलिस रही नाकाम, शोरूम संचालक ने बचाई जान

घटना के वक्त मौके पर पुलिस बल मौजूद था, लेकिन अचानक उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हंगामा बढ़ता देख शोरूम संचालक ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अभिनेत्री को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रबंध किया, जिसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी को तेजी से वहां से निकालकर काजल राघवानी की सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित की।

सुरक्षित निकलीं काजल राघवानी, वीडियो वायरल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में काजल राघवानी पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उन्हें कोई शारीरिक चोट नहीं आई है, हालांकि उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई है। आसपास के इलाकों से पहुंचे प्रशंसकों की वजह से कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई थी। इस घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। फिलहाल काजल राघवानी के सुरक्षित निकलने की पुष्टि हो चुकी है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

राज की रिपोर्ट