Ara crime news: आरा के बांध के पास महिला का शव मिलने से हड़कंप, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
Ara crime news: आरा के मझौवा बांध के पास एक अज्ञात महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
Ara crime news: आरा के मझौवा बांध के समीप एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी और अक्सर मझौवा बांध व आसपास के इलाके में दिखाई देती थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पहचान में जुटी पुलिस
मृतका के नाम और पते की जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ महिला की तस्वीर और हुलिये के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
मौत की वजह पर सस्पेंस
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा