भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 163 किलो गांजा और प्रतिबंधित तंबाकू-पान मसाला जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के जवानों ने गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। जवानों ने फतेहपुर सीमा चौकी क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया, वहीं रिप्यूजी कॉलोनी क्षेत्र से प्रतिबंधित तंबाकू और पान मसाला की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को धर दबोचा। हालांकि, दोनों कार्यवाहियों के दौरान तीन संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
फतेहपुर सीमा चौकी के पास मिला 163 किलो गांजा
पहली कार्रवाई फतेहपुर सीमा चौकी (BOP) क्षेत्र में सीमा स्तंभ (Pillar) संख्या 203/02 के पास हुई। नाका ड्यूटी से लौट रहे एसएसबी जवानों ने सीमा के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियों को देखा। जवानों को आते देख संदिग्ध प्लास्टिक की बोरियों के बंडल छोड़कर नेपाल सीमा की ओर भाग निकले। इलाके की सघन तलाशी लेने पर प्लास्टिक के 5 बंडलों से कुल 163 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए बीरपुर पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
रिप्यूजी कॉलोनी से तंबाकू और पान मसाला के साथ तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई रिप्यूजी कॉलोनी क्षेत्र में की गई, जहाँ जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर प्रतिबंधित तंबाकू और पान मसाला की एक बड़ी खेप बरामद की। इस दौरान मौके से एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी चकमा देकर नेपाल की ओर फरार हो गए।
सीमा पर बढ़ाई गई गश्त और निगरानी
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में जब्त सामान को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए एसएसबी जवानों द्वारा सतर्कता, रात्रि गश्त और सर्च ऑपरेशन को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट