बिहार में 21 सितंबर से 4 अक्टूबर सबसे बड़ा रेल ब्लॉक, मोकामा में नए रेल पुल के शुरू होने के पहले 845 ट्रेनें प्रभावित
नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के चलते 845 ट्रेन सेवाओं में से 338 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 384 ट्रेनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा 67 ट्रेनें शॉर्ट-ऑरिजिनेट और 56 ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट की जाएंगी।
Rail News : बिहार में रेलवे के इतिहास के अब तक के सबसे बड़े मेगा ब्लॉकों में से एक लगने जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के मोकामा में गंगा नदी पर राजेंद्र सेतु के नए समानांतर डबल लाइन रेल पुल को मौजूदा रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक 14 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कुल 845 ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
338 ट्रेनें रहेंगी रद्द, 384 का बदलेगा रूट
नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के चलते 845 ट्रेन सेवाओं में से 338 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 384 ट्रेनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा 67 ट्रेनें शॉर्ट-ऑरिजिनेट और 56 ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट की जाएंगी। यानी कई ट्रेनें अपने निर्धारित शुरुआती स्टेशन के बजाय किसी दूसरे स्टेशन से रवाना होंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दिया जाएगा। रेलवे के अनुसार, 3 अक्टूबर को सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इस दिन 36 ट्रेनों को रद्द किए जाने की संभावना है।
नए पुल को पांच जगहों से जोड़ा जाएगा
मोकामा के पास गंगा नदी पर तैयार किए जा रहे नए समानांतर डबल लाइन पुल को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर काम किया जाएगा। इनमें अपर हथिदह जंक्शन, ताल जंक्शन, रामपुर डुमरा, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन शामिल हैं। NI कार्य पूरा होने के बाद नए पुल से ट्रेनों के परिचालन का रास्ता साफ होगा। इससे मौजूदा राजेंद्र सेतु पर रेल यातायात का दबाव कम करने और इस महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बिहार के अलावा इन राज्यों के यात्रियों पर भी असर
मेगा ब्लॉक का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को भी ट्रेन सेवाओं में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। हावड़ा, पटना, कोलकाता और नई दिल्ली को जोड़ने वाले कई प्रमुख रेल मार्गों पर ट्रेनों के रद्द होने, रूट बदलने और शॉर्ट-टर्मिनेशन या शॉर्ट-ऑरिजिनेशन का असर पड़ेगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 21 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच यात्रा करने से पहले ट्रेन का स्टेटस और अपने रूट में हुए बदलाव की जानकारी जरूर जांच लें।