इश्क में अंधी हुई बहन: छोटी बहन ने राज खोलने की धमकी दी,सगी बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिलकर की मासूम की हत्या

11 वर्षीय अनुष्का की हत्या उसकी सगी बड़ी बहन काजल और उसके प्रेमी शिवम ने मिलकर की. अनुष्का ने दोनों को खेत में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और पिता को बताने की बात कही थी.राज खुलने के डर से दोनों ने मासूम का गला दबा दिया

 elder sister murders innocent child with lover
सगी बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिलकर की मासूम की हत्या- फोटो : news 4 nation

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 11 वर्षीय मासूम अनुष्का की संदिग्ध मौत का मामला एक सोची-समझी साजिश और क्रूर हत्याकांड निकला। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अनुष्का की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी बड़ी बहन काजल ने अपने प्रेमी शिवम के साथ मिलकर की थी। महज अपने प्रेम संबंध को छिपाने के लिए एक बहन ने अपनी ही छोटी बहन की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

फेसबुक से शुरू हुआ प्यार और परिवार का विरोध

जांच के अनुसार, 18 वर्षीय काजल का प्रेम प्रसंग पड़ोसी गांव के 20 वर्षीय युवक शिवम के साथ पिछले दो महीनों से चल रहा था। इन दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। होली के आसपास जब काजल के पिता को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने कड़ा विरोध किया और काजल का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था। पिता की सख्ती के बावजूद काजल चोरी-छिपे शिवम के संपर्क में बनी रही और दोनों अक्सर एकांत में मिला करते थे, जो अंततः एक मासूम की जान पर बन आया।

सच बोलने की धमकी बनी मौत की सजा

घटना वाले दिन मासूम अनुष्का खेत में मेंथा की रोपाई करने गई थी। उसी दौरान उसने अपनी बड़ी बहन काजल को प्रेमी शिवम के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। मासूम अनुष्का ने काजल से कहा कि वह घर जाकर पिता को सब कुछ सच-सच बता देगी। अपना राज खुलने और पिता के गुस्से के डर से काजल और शिवम ने मिलकर खौफनाक फैसला लिया। दोनों ने मिलकर 11 साल की मासूम का गला घोंट दिया। वारदात के बाद काजल ने शातिर अपराधी की तरह व्यवहार किया और घर जाकर अनुष्का के लापता होने का झूठा नाटक रचने लगी।

पुलिस की मुस्तैदी और 24 घंटे में खुलासा

शुरुआत में काजल पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोने और अनजान बनने का नाटक करती रही, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास नजर आया और शक गहरा गया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो काजल और शिवम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बाराबंकी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस 'अंधे कत्ल' की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गांव के लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि कोई बहन इतनी पत्थरदिल कैसे हो सकती है।