IPL 2026 final: आज तय होगा IPL का बादशाह! RCB और GT में कौन मारेगा बाजी?

IPL 2026 final: IPL 2026 के फाइनल में आज RCB और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। जानिए पिच रिपोर्ट, हेड टू हेड रिकॉर्ड और संभावित प्लेइंग इलेवन।

IPL 2026 final
RCB-GT महामुकाबला आज- फोटो : social media

IPL 2026 final: 28 मार्च से शुरू हुआ आईपीएल 2026 का सफर अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। लगभग दो महीने तक चले इस टूर्नामेंट में 10 टीमों ने ट्रॉफी जीतने के लिए जोरदार मुकाबला किया, लेकिन अब सिर्फ दो टीमें बची हैं। आज यानी 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया और लीग स्टेज में टॉप-2 में अपनी जगह बनाई थी।

फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। यह मैदान गुजरात टाइटंस का घरेलू मैदान माना जाता है, लेकिन इसी मैदान पर आरसीबी ने पिछले साल अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

RCB के पास दूसरी बार खिताब जितने का मौका

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीतने का मौका है। वहीं गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अपनी कप्तानी में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहेंगे। दोनों टीमों की इस सीजन में पहले भी भिड़ंत हो चुकी है। क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। अब गुजरात के पास उस हार का बदला लेने का मौका होगा।

RCB-GT में कौन मजबूत?

अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो आरसीबी को हल्की बढ़त हासिल है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें आरसीबी ने 5 मैच जीते हैं जबकि गुजरात टाइटंस ने 4 मैचों में जीत हासिल की है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोनों टीमों का रिकॉर्ड बराबरी का है। यहां दोनों ने एक-एक मुकाबला जीता है। हालांकि इस सीजन गुजरात टाइटंस ने इसी मैदान पर आरसीबी को हराया था। अपने घरेलू मैदान पर गुजरात का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। आईपीएल 2026 में गुजरात ने यहां खेले गए 7 में से 5 मुकाबले जीते हैं।

कैसी है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच?

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए मददगार मानी जाती है। इस मैच में मिक्स सॉयल वाली पिच का इस्तेमाल किया जाएगा। पिच पर अच्छा बाउंस मिलने की उम्मीद है, जिससे तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। वहीं बल्लेबाज भी बड़े शॉट खेलने में सफल हो सकते हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबला हाई स्कोरिंग रहने की संभावना है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला ले सकती है क्योंकि बड़े फाइनल मुकाबलों में स्कोरबोर्ड पर बड़ा लक्ष्य रखना अक्सर फायदेमंद साबित होता है।

RCB-GT की संभावित प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग इलेवन में वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड शामिल हो सकते हैं।

वहीं गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग इलेवन में साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अरशद खान या आर साई किशोर शामिल हो सकते हैं।