Bihar Crime : वैशाली में प्रेमिका के पिता और स्कूल गार्ड ने रची शिवम की हत्या की साजिश, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : वैशाली पुलिस ने शिवम् हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में सरकारी स्कूल के गार्ड सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है....पढ़िए आगे
VAISHALI : जिले के महिसौर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा के छात्र की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वीभत्स हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल के नाइट गार्ड सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने प्रेम प्रसंग के विवाद में इस घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक नाबालिग छात्र शिवम का इलाके की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मिलने पर लड़की के परिजनों ने पहले भी शिवम को उस लड़की से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी थी और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद शिवम लगातार लड़की से बातचीत करता रहा।
इसी रंजिश के चलते लड़की के पिता बबलू चौधरी ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय के नाइट गार्ड गौरव चौधरी के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। योजना के तहत उन्होंने शिवम को देर रात बहाने से बुलाया और सीधे स्कूल के अंदर ले जाकर ईंट से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट, अभियुक्तों के खून से सने कपड़े और मृतक की चप्पल भी बरामद कर ली है, जो इस मामले में पुख्ता सबूत साबित होंगे।
गौरतलब है कि गत 15 अक्टूबर की सुबह महिसौर थाना क्षेत्र के लोदीपुर बनकट गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय की सीढ़ियों पर छात्र शिवम का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिस पर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गहन छानबीन कर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सफलता पूर्वक सुलझा लिया है।
ऋषभ की रिपोर्ट