Bihar News : नवरात्रि को लेकर सड़क पर उतरे ट्रैफिक एसपी सागर झा, कई इलाकों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

Bihar News : नवरात्रि को लेकर ट्रैफिक एसपी सागर झा ने यातायात पुलिस उपाधीक्षक-4 पौरूष अग्रवाल एवं संबंधित ओपी प्रभारियों के साथ शहर में प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

Bihar News : नवरात्रि को लेकर सड़क पर उतरे ट्रैफिक एसपी सागर
सड़क पर उतरे ट्रैफिक एसपी - फोटो : RANJEET

PATNA : नवरात्रि के पावन अवसर पर आज से पूजा पंडालों के पट खुलने और दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, पटना के पुलिस अधीक्षक (यातायात) सागर झा ने यातायात पुलिस उपाधीक्षक-4 पौरूष अग्रवाल तथा संबंधित ओपी प्रभारियों के साथ शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

इस विशेष निरीक्षण अभियान के तहत अधिकारियों की टीम ने शहर के अत्यधिक व्यस्त इलाकों जैसे मछुआ टोली, खजांची रोड, मखानिया कुआँ, दिनकर गोलंबर और राजधानी के सबसे प्रमुख केंद्र डाक बंगला चौराहा का दौरा किया और जमीनी हालात का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर में हो रहे यातायात परिचालन का बारीकी से जायजा लेना था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चलती रहे और पूजा घूमने वाले श्रद्धालुओं तथा आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान अधिकारियों ने सड़क पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद सभी पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों को भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान जाम की समस्या से बचा जा सके।

प्रशासन की इस मुस्तैदी से उम्मीद है कि नवरात्रि के इन दिनों में पटना वासियों को पूजा पंडालों के आसपास बेहतरीन ट्रैफिक प्रबंधन और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे लोग बिना किसी बाधा के पर्व का आनंद ले सकेंगे।

रंजीत की रिपोर्ट