मामूली विवाद में हैवान बना पिता : कलयुगी पिता ने सगी बेटी और चाचा को उतारा मौत के घाट

झारखंड के दुमका जिले में एक सनकी शख्स ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी सगी नाबालिग बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं बीच बचाव करने आए 60 वर्षीय अपने चाचा की भी पिटाई कर दी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई....

मामूली विवाद में हैवान बना पिता : कलयुगी पिता ने सगी बेटी और
हैवान बना पिता- फोटो : न्यूज4नेशन

Dumka : घरेलू विवाद के एक खौफनाक मामले में एक पिता की हैवानियत ने दो लोगों की जान ले ली। आरोपी हड़ुआ मंडल ने मामूली बात पर उपजे विवाद के बाद अपनी ही 15 वर्षीय बेटी पुड़की कुमारी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बीते शनिवार की देर शाम की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर में शुरू हुआ मामूली झगड़ा अचानक इतना हिंसक हो गया कि गुस्से में बेकाबू हुए पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की जमकर पिटाई की और उसके कुएं में डाल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


बीच-बचाव करने आए चचेरे चाचा पर भी हमला

वहीं बेटी पर हो रहे जानलेवा हमले और घर से आ रही चीख-पुकार को सुनकर आरोपी के चचेरे चाचा, 60 वर्षीय सरजू मंडल, बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचे। उन्होंने गुस्से से लाल हड़ुआ मंडल को रोकने की कोशिश की, लेकिन अंधा हो चुका आरोपी उन पर भी टूट पड़ा। उसने सरजू मंडल पर ईंट से कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।


इलाज के दौरान चाचा ने भी तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल बुजुर्ग सरजू मंडल को इलाज के लिए देवघर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर पर आए गहरे जख्मों के कारण रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस दोहरी हत्या के बाद से पूरे इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है।


त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी पिता हड़ुआ मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


मामले की गंभीरता से जांच में जुटी पुलिस

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से गांव के लोग भी सदमे में हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि आखिर विवाद की मुख्य वजह क्या थी और उसने इस खौफनाक कदम को क्यों अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से वैज्ञानिक और कानूनी जांच में जुटी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।


ब्यूरो रिपोर्ट