'माल ना मालपुआ हS राजा' ... पटना के हाई स्कूल में अश्लील भोजपुरी गानों पर लगा ठुमका, लजाकर भागी छात्राएं
स्मार्ट क्लास में बच्चों को पढ़ाने के बदले 'माल ना मालपुआ हS राजा' ... जैसे अश्लील भोजपुरी गानों के बजने के एक मामला पटना जिले के बाढ़ के एक हाई स्कूल का सामने आया है. वायरल वीडियो में गानों के बजने पर छात्राएं लजाकर भागती नजर आ रही हैं.
Obscene Bhojpuri songs: पटना के बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ प्रखंड स्थित नवादा के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्मार्ट क्लास के दौरान स्कूल में लगी स्मार्ट टीवी स्क्रीन पर भोजपुरी गाना चलता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ छात्र-छात्राओं के इसे देखते और गाने पर नाचते हुए नजर आने का दावा किया जा रहा है। वहीं कई छात्राएं अश्लील गानों के बजने पर लजाकर भागने लगती हैं.
वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की व्यवस्था और स्मार्ट क्लास के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो स्कूल के स्मार्ट क्लास रूम का है, हालांकि न्यूज4नेशन वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। बाढ़ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वीडियो कब और किस परिस्थिति में बनाया गया तथा स्मार्ट क्लास की स्मार्ट टीवी स्क्रीन पर इस तरह की सामग्री कैसे चलाई गई।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूलों में स्मार्ट क्लास के संचालन और छात्रों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
रविशंकर की रिपोर्ट