थाने बुलाए गए युवक ने 5 पुलिसकर्मियों पर चाकू से किया वार कर हुआ फरार : घेराबंदी में 4 और जवान घायल, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी 6 गोलियां

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में चितली क़बर में घेराबंदी के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में 6 गोलियां लगीं, कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर।

police station knife attack chitli qabar encounter 9 cops in
थाने में पुलिस पर चाकू से हमला, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी 6 गोलियां; कुल 9 पुलिसकर्मी घायल- फोटो : news 4 nation

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर फरार हुए एक आरोपी को पुलिस ने चितली क़बर इलाके में घेर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने एक बार फिर पुलिस टीम पर चाकू से वार किया, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैरों में 6 गोलियां लगीं। इस पूरे घटनाक्रम में दो अलग-अलग जगहों पर हुए हमलों में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।


काउंसलिंग के दौरान निकाला चाकू, 5 पुलिसकर्मियों पर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब जामा मस्जिद के काला महल इलाके के रहने वाले करीब 30 वर्षीय नबील को काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी की मां और बहन ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी, जिस पर उसे थाने बुलाया गया था, लेकिन बातचीत के दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर हमला कर दिया। इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


थाने से फरार होकर राहगीर का स्कूटर छीना

थाने के अंदर पुलिसकर्मियों को लहूलुहान करने के बाद आरोपी नबील मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान उसने कथित तौर पर एक आम नागरिक का स्कूटर छीन लिया और इलाके से निकल भागा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।


चितली क़बर में घेराबंदी के दौरान स्पेशल स्टाफ के 4 जवानों पर भी हमला

घटना के बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एएटीएस (AATS) और स्पेशल स्टाफ की टीमों ने आरोपी की तलाश तेज की और उसे चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली क़बर इलाके में ट्रैक कर लिया। शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने दोबारा चाकू से हमला कर दिया, जिसमें स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए।


पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी 6 गोलियां

आरोपी के लगातार हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में नियंत्रित तरीके से फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, सभी गोलियां कमर के नीचे निशाना बनाकर चलाई गईं और कुल 8 राउंड फायर किए गए, जिनमें से 6 गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। गोली लगने के बाद घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चितली क़बर में घायल हुए चारों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल भेजा गया है।


आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने, जांच जारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नबील का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ साल 2022 में दरियागंज थाने में आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।