Bihar News : मुजफ्फरपुर में नाबालिग पर लोगों ने लगाया नाबालिग छात्रा के अपहरण की कोशिश का आरोप, जमकर की पिटाई, पुलिस के किया हवाले
Bihar News : मुजफ्फरपुर में सोमवार दोपहर एक बोलेरो गाड़ी से पहुंचे विधि विरुद्ध बालक को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों ने अपहरण की कोशिश का आरोप लगाया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक विधि विरुद्ध बालक की लोगों ने पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि वह स्कूल से लौट रही एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का प्रयास कर रहा था। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव और हंगामे की स्थिति बन गई।
यह पूरा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर चौक के समीप का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक बोलेरो गाड़ी से पहुंचे विधि विरुद्ध बालक को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों ने अपहरण की कोशिश का आरोप लगाया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की डायल 112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और विधि विरुद्ध बालक को अपने कब्जे में लेकर निरुद्ध किया।
सूत्रों के मुताबिक, विधि विरुद्ध बालक और नाबालिग छात्रा के बीच पहले से जान-पहचान थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों तक बाहर रहने के बाद वह वापस लौटा था और अपने दोस्त की बोलेरो से सिपाहपुर में स्कूल से लौट रही छात्रा से मिलने पहुंचा था, इसी दौरान लोगों की नजर पड़ने पर विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई।
इस पूरे प्रकरण को लेकर एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार ने बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही नाबालिग के अपहरण के असफल प्रयास का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों की ओर से अहियापुर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
मणिभूषण की रिपोर्ट