नौबतपुर प्रखंड कार्यालय में निगरानी की छापेमारी, रिश्वत लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को रंगे हाथ दबोचा
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में निगरानी विभाग को फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। निगरानी की टीम बुधवार को एक भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी को घूसे लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है....
Patna : जिले के नौबतपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को निगरानी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) विनोद कुमार को 8,000 रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस छापामारी और अधिकारी की गिरफ्तारी से पूरे प्रखंड सह अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
राशन डीलर से ऑडिट के नाम पर मांग रहे थे घूस
मामले की जानकारी देते हुए निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक आदित्य राज ने बताया कि बारा गांव के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार अवधेश शर्मा के भतीजे कृष्णकांत कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि राशन दुकान के हर महीने होने वाले ऑडिट के नाम पर एमओ विनोद कुमार द्वारा लगातार 8,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर बिछाया गया जाल
शिकायत दर्ज होने के बाद निगरानी विभाग की विशेष टीम ने गुप्त रूप से पूरे मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की बात पूरी तरह सच पाई गई। इसके बाद निगरानी की टीम ने एमओ को रंगे हाथों दबोचने के लिए प्रखंड कार्यालय में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
कार्यालय कक्ष में घूस लेते रंगे हाथ धराए एमओ
बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता कृष्णकांत कुमार प्रखंड कार्यालय स्थित एमओ के कक्ष में पहुंचे और उन्हें 8,000 की रिश्वत राशि सौंपी, पहले से सतर्क निगरानी टीम ने तुरंत दबिश देकर एमओ विनोद कुमार को धर दबोचा। टीम ने अधिकारी के पास से रिश्वत के पैसे भी मौके पर ही बरामद कर लिए।
विशेष निगरानी कोर्ट में किया जाएगा पेश
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी आपूर्ति पदाधिकारी को अपनी हिरासत में लेकर पटना ले गई, जहां आगे की आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आरोपी एमओ को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस सफल कार्रवाई के बाद से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप का माहौल है।
सुमित की रिपोर्ट