बागेश्वर वाले धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR, बंगालियों के खाने पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर बुरे फंसे

धीरेंद्र शास्त्री ने हावड़ा जिले के लिलुआ में एक कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा के समय हिंदुओं से शाकाहारी भोजन करने की अपील की थी। उनकी इस अपील के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Bageshwar Baba Dhirendra Shastri
Bageshwar Baba Dhirendra Shastri- फोटो : news4nation

Bageshwar Baba Dhirendra Shastri : बागेश्वर धाम के प्रमुख पुजारी और कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन नहीं करने की अपील को लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कोलकाता के भवानीपुर थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।


कांग्रेस का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री ने 5 सितंबर को हावड़ा के लिलुआ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे समाज में अशांति फैल सकती है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने और मामले में आवश्यक कानूनी कदम उठाने की मांग की है।


कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन करने वाले बंगालियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने शास्त्री से अपने बयान के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों से माफी मांगने की मांग भी की।


दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने हावड़ा जिले के लिलुआ में एक कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा के समय हिंदुओं से शाकाहारी भोजन करने की अपील की थी। उनकी इस अपील के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।


विपक्षी दलों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि ऐसे बयानों के जरिए बंगाल की संस्कृति और परंपराओं को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने भी धीरेंद्र शास्त्री का नाम लिए बिना इस तरह की अपील को खारिज किया है।


कांग्रेस ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत पर पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई या FIR दर्ज किए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।