Chapra Hotel Passion Raid: भगवान बाजार पुलिस की छापेमारी, आपत्तिजनक हालत में कई जोड़े पकड़े गए

छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अचानक रेड मारकर कई कमरों से जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में हिरासत में लिया है। पुलिस प्रशासन अब होटल को सील करने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गया है।

Chapra Hotel Passion Raid
छपरा के होटल पैशन में पुलिस की अचानक रेड, कई जोड़े पकड़े गए हिरासत में - फोटो : Reporter

सारण जिला मुख्यालय स्थित भगवान बाजार थाना क्षेत्र के होटल पैशन में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अचानक छापेमारी कर सनसनी फैला दी। सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से कई जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से छपरा जंक्शन के आसपास स्थित अन्य होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।


पुलिस कार्रवाई की मंशा पर उठे सवाल 

छपरा जंक्शन के आसपास दर्जनों ऐसे होटल संचालित हैं, जहां धड़ल्ले से अनैतिक काम का कारोबार चलने के आरोप लगते रहते हैं। स्थानीय शहरवासियों का कहना है कि पुलिस द्वारा केवल खानापूर्ति के लिए महीने-दो महीने में एक बार ऐसी कार्रवाई की जाती है। लोगों का मानना है कि ठोस और निरंतर कदम न उठाए जाने के कारण ही शहर के कई होटलों में इस तरह के अवैध धंधे लगातार फल-फूल रहे हैं।

जांच के घेरे में होटल लाइसेंस और दस्तावेज

सदर एसडीपीओ राम पुकार सिंह ने बताया कि होटल में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके सत्यापन के बाद यह कदम उठाया गया। हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस अब होटल के वैध संचालन, लाइसेंस और कागजातों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, दंडाधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद होटल को सील किया जा सकता है।

होमगार्ड जवान को छोड़ने के लगे आरोप

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद बिहार होमगार्ड के एक जवान को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस टीम ने बाद में उसे वहां से जाने दिया। हालांकि, पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे रैकेट के पीछे कौन-कौन से लोग और दलाल शामिल हैं तथा इसका मुख्य संचालक कौन है।

कॉलेज छात्राओं के जुड़े होने से मचा हड़कंप

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि पकड़ी गई युवतियां कॉलेज में पढ़ाई के नाम पर अपने घरों से शहर आई थीं, जबकि युवक स्थानीय व नजदीकी ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं। इस घटना ने एक बार फिर शहर के होटलों में चल रहे काले कारनामों को उजागर कर दिया है। फिलहाल प्रशासन इस बात की गहनता से पड़ताल कर रहा है कि छात्र-छात्राओं को इस नेटवर्क में ढकेलने वाले दलाल कौन हैं।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट