Bihar Crime: SSP के सख्त आदेश का असर, रात में शराब माफिया के घर पुलिस का धावा, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

Bihar Crime: शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।...

Vaishali Police Raid
SSP के सख्त आदेश का असर- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। क्राइम मीटिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के सख्त निर्देश के बाद बेलसर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने का दावा किया गया है।

मामला बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव का है। पुलिस को देर रात सूचना मिली कि गांव में शराब का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही बेलसर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर धावा बोल दिया। पुलिस टीम ने कथित तौर पर शराब के अवैध कारोबार से जुड़े मनोज राय के घर पर छापेमारी की।

घर से बरामद हुई भारी मात्रा में विदेशी शराब

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मनोज राय के घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मनोज राय लंबे समय से शराब के अवैध कारोबार में सक्रिय बताया जा रहा है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

क्राइम मीटिंग में SSP ने दिया था सख्त निर्देश

बेलसर पुलिस की इस कार्रवाई को SSP शुभांक मिश्रा के हालिया सख्त निर्देश से जोड़कर देखा जा रहा है। एक दिन पहले हुई क्राइम मीटिंग में SSP ने शराब के अवैध कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने का निर्देश दिया था। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया था कि शराब माफिया और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

SSP के निर्देश के बाद बेलसर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचने की बात सामने आ रही है।

नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस

बरामदगी के बाद पुलिस अब सिर्फ शराब जब्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। शराब की खेप का स्रोत, इसे मंगाने वाला व्यक्ति और इसकी सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि वैशाली में शराब माफिया के खिलाफ अभियान और तेज हो सकता है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी पुलिस की नजर रहने की संभावना है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार