पटना के भद्र घाट पर गंगा की तेज धारा में फंसा झारखंड का एक व्यक्ति, SSB के जवान ने बचाई जान

राजधानी पटना में रविवार को एसएसबी जवान की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच गई। घटना पटना के भद्र घाट पर उस समय हुई जब झारखंड के एक व्यक्ति गंगा में स्नान कर रहे थे उसी समय गंगा की तेज धारा में फंस गए....

पटना के भद्र घाट पर गंगा की तेज धारा में फंसा झारखंड का एक व
SSB जवान की तत्परता से व्यक्ति की बची जान- फोटो : रजनीश

Patna : पटना में गंगा नदी के जलस्तर में भले ही कमी दर्ज की जा रही है, लेकिन जलस्तर का खतरा अभी भी पूरी तरह टला नहीं है। जिला प्रशासन लगातार लोगों से नदी के पास सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है, इसके बावजूद लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं।


तेज धारा और गहरे पानी में फंसे श्रद्धालु

ताजा मामला पटना के भद्र घाट का है, जहां झारखंड के रहने वाले 57 वर्षीय राज कुमार सिंह गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से वह डूबने लगे और तेज धारा के साथ बहने लगे।


SSB की टीम ने दिखाई तत्परता

व्यक्ति को डूबता देख घाट पर मौजूद स्थानीय लोग घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। ठीक उसी समय वहां सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टीम ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी देरी के तुरंत गंगा नदी में छलांग लगा दी।


जवान की सूझबूझ से बची जान

SSB टीम में तैनात जवान रौशन कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना लाइफ जैकेट के माध्यम से संघर्ष कर रहे राज कुमार सिंह तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


प्रशासन की अपील और पहचान

पूछताछ के दौरान बचाए गए व्यक्ति की पहचान झारखंड निवासी 57 वर्षीय राज कुमार सिंह के रूप में हुई, जो पटना में रामकृष्ण मिशन आश्रम में आए हुए थे और घूमने के दौरान भद्र घाट पर स्नान करने गए थे। जिला प्रशासन ने इस घटना के बाद एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे मौजूदा हालात में गंगा नदी में स्नान करने से परहेज करें।


रजनीश की रिपोर्ट