Bihar Crime:शराबियों के अड्डे का विरोध करना पड़ा भारी, बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।...

Vaishali elderly woman was strangled to death
शराबियों के अड्डे का विरोध करना पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime:वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान देवी विलास राय की 70 वर्षीय पत्नी दाजो देवी के रूप में हुई है।

मृतका अपने घर में अकेली रहती थी। स्वजनों का आरोप है कि महिला के घर के आसपास कुछ शराबी तत्वों का अड्डा था, जिसे लेकर वह अक्सर आपत्ति जताती थी और उनका विरोध करती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है। घटनास्थल पर पुलिस को एक कटोरे में चिकन और अन्य सामान मिले हैं, साथ ही हत्या में प्रयुक्त खून से सना हुआ एक 'हंसुआ' (धारदार हथियार) भी बरामद हुआ है।

रांची में कार्यरत मृतका के पुत्र सुनील राय ने बताया कि वह बीते शनिवार को मां से फोन पर बात कर रहे थे, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा। लगातार संपर्क न होने पर जब उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया, तब उन्हें मां की हत्या की दुखद जानकारी मिली। गांव पहुंचने पर उन्होंने घर में मां का खून से लथपथ शव देखा।

घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

 शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार