Bihar Crime News: साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब,53 लाख की निकासी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रिश्तेदारों का फ्रॉड गैंग फरार

Bihar Crime News: साइबर थाने की पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो देश के कई राज्यों में फैले साइबर ठगी के पैसों की अवैध निकासी में सक्रिय रूप से शामिल था।

Bhojpur Cyber Fraud Network Busted Mastermind Held in 53L Sc
साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब- फोटो : reporter

Bihar Crime News: भोजपुर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाने की पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो देश के कई राज्यों में फैले साइबर ठगी के पैसों की अवैध निकासी में सक्रिय रूप से शामिल था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गीधा थाना क्षेत्र के मटियारा कायमनगर गांव निवासी मो. अकबर अली के पुत्र मेराज अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से छापेमारी के दौरान एक मोबाइल फोन, 10 चेकबुक, 4 पासबुक और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है, जो इस पूरे फर्जीवाड़े के अहम सबूत माने जा रहे हैं। साइबर डीएसपी स्नेह सेतू ने प्रेस वार्ता में खुलासा किया कि साइबर पोर्टल के जरिए जानकारी मिली थी कि आरा स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के कुछ खातों में देश के अलग-अलग राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से साइबर ठगी की रकम लगातार ट्रांसफर हो रही है और फिर चेक के जरिए उसकी निकासी की जा रही है।

जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे खेल में तीन मुख्य खाता धारक शामिल थे वामपाली चंदा गांव निवासी जावेद आलम, कायमनगर निवासी शमीमा खातून और मटियारा कायमनगर निवासी मेराज अंसारी। हैरानी की बात यह है कि ये तीनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जिन्होंने मिलकर साइबर फ्रॉड का संगठित नेटवर्क तैयार किया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों के जरिए अब तक करीब 53 लाख 88 हजार रुपये की अवैध निकासी चेक के माध्यम से की जा चुकी है। यह रकम देश के विभिन्न हिस्सों से साइबर ठगी के जरिए जुटाई गई थी।

तकनीकी जांच और बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मेराज अंसारी को उसके घर से दबोच लिया, हालांकि छापेमारी के दौरान उसके तीन अन्य साथी—जावेद आलम सहित मौके से फरार होने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे साइबर नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में साइबर अपराध से जुड़े बड़े गिरोह के खुलासे की संभावना तेज हो गई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार