Bihar Crime: वैशाली में नशे के कारोबार पर बड़ी रेड, इतना कैश देख हैरत में पड़ी पुलिस, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के बाद सूखे नशे का अवैध कारोबाद धड़ल्ले से चल रहा है।...

Vaishali Drug Bust
नशे के कारोबार पर बड़ी रेड- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के बाद सूखे नशे का अवैध कारोबाद धड़ल्ले से चल रहा है। वैशाली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव स्थित बगुलिया गाछी में संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी भी शामिल हैं, जिन पर मिलकर नशे का अवैध कारोबार चलाने का आरोप है। छापेमारी के दौरान टीम ने 119.29 ग्राम मादक पदार्थ के साथ 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद बरामद किए हैं। भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद जांच एजेंसियां अब इस कारोबार के पीछे सक्रिय नेटवर्क और पैसों के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं।

तीन एजेंसियों की संयुक्त टीम ने की छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, मध्य निषेध विभाग, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव में कार्रवाई की। टीम ने गांव के बगुलिया गाछी में छापेमारी कर नशे के कारोबार से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार, पिता पवन ठाकुर, पवन ठाकुर, पिता स्वर्गीय महेश ठाकुर और भानु कुमारी, पति नीरज कुमार के रूप में हुई है। तीनों माइल गांव के ही निवासी बताए गए हैं। इनमें नीरज कुमार और भानु कुमारी पति-पत्नी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के इस अवैध कारोबार में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।

119.29 ग्राम मादक पदार्थ और लाखों रुपये नकद बरामद

छापेमारी के दौरान संयुक्त टीम को मौके से कुल 119.29 ग्राम मादक पदार्थ मिला। बरामद सामग्री में छोटे डिब्बे के अंदर रखे तीन पैकेट और बड़े डिब्बे में रखे छह पैकेट शामिल हैं।इसके अलावा टीम ने 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। मादक पदार्थ के साथ इतनी बड़ी रकम मिलने से जांच का दायरा बढ़ गया है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नकदी नशे के कारोबार से अर्जित की गई थी या इसके पीछे कोई अन्य आर्थिक गतिविधि भी शामिल है।

कहां से आता था नशे का सामान, किसे होती थी सप्लाई?

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल नशे के इस कारोबार के नेटवर्क को लेकर है। मादक पदार्थ की खरीद कहां से की जाती थी, इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए होती थी और इलाके में किन-किन लोगों तक इसे पहुंचाया जाता था, इसकी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस जब्त की गई नकदी के स्रोत की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही संभावित सप्लायर, खरीदार और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है।

नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी नजर

बिदुपुर के माइल गांव में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। संयुक्त टीम की इस छापेमारी में तीन गिरफ्तारियां, 119.29 ग्राम मादक पदार्थ और 12.33 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है।फिलहाल पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। अब जांच का अहम पहलू यह होगा कि इस कथित कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार