वैशाली में महिला सिपाही का आपहरण कर दुष्कर्म! प्रेम-विवाद -आरोपों में उलझा मामला, फरार आरोपी की तलाश तेज

Bihar Crime:बाजार से लौटने के दौरान गांव के ही युवक ने अपने भाई और दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर महिला सिपाही और उसकी बहन को जबरन उठा लिया।...

Vaishali Cop Allegedly Abducted Assault Case Accused on Run
महिला सिपाही का आपहरण कर दुष्कर्म!- फोटो : reporter

Vaishali: जिले के गोरौल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक महिला होमगार्ड सिपाही और उसकी बहन को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। परिजनों के मुताबिक, बाजार से लौटने के दौरान गांव के ही सुबोध पासवान ने अपने भाई और दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर महिला सिपाही और उसकी बहन को जबरन उठा लिया। आरोप है कि दोनों को घर में कैद रखा गया और महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के घर से पीड़िता को बरामद किया गया। हालांकि आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।

वहीं, इस मामले में वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी के बीच पहले से प्रेम संबंध था। एसपी के अनुसार, नौकरी लगने के बाद महिला सिपाही आरोपी से दूरी बनाने लगी थी, जिसके बाद विवाद की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी पर छेड़खानी का आरोप लगाया गया है और परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।सूत्रों के अनुसार, यह भी बात सामने आई है कि पीड़िता और आरोपी ने पहले कोर्ट मैरिज की थी, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके।

पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामला कई सवालों के घेरे में है। क्या यह पुरानी प्रेम कहानी का विवाद है या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार