बिहार प्रशासनिक सेवा के 8 अधिकारियों का तबादला, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 8 अधिकारियों का तबादला किया है....
Patna : बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 8 अधिकारियों का तबादला किया है। राज्यपाल के आदेश से सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास द्वारा 6 सितंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अपने नए पदों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
गौतम कुमार बने समस्तीपुर नगर आयुक्त, दिनेश राम को योजना परिषद में मिला जिम्मा नई पदस्थापना के तहत वित्त विभाग के भविष्य निधि निदेशालय में सहायक निदेशक के रूप में कार्यरत गौतम कुमार को समस्तीपुर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, भागलपुर के अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी दिनेश राम को स्थानांतरित करते हुए पटना स्थित योजना परिषद में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
अरुण कुमार बने मधेपुरा के नए डीडीसी, सरफराज नवाज को पशु संसाधन विभाग में OSD तिरहुत प्रमंडल मुजफ्फरपुर के क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार में संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव अरुण कुमार को मधेपुरा का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (DDC-cum-CEO) बनाया गया है। इसके अलावा, कहलगांव (भागलपुर) के भूमि सुधार उप समाहर्त्ता (DCLR) मो० सरफराज नवाज को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) नियुक्त किया गया है।
लखीसराय और कटिहार के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
लखीसराय के वरीय उप समाहर्त्ता शशिकुमार को पटना स्थित वित्त विभाग के भविष्य निधि निदेशालय में सहायक निदेशक पद पर भेजा गया है। वहीं कटिहार के वरीय उप समाहर्त्ता शशि भूषण कुमार शशि का स्थानांतरण बांका के भूमि सुधार उप समाहर्त्ता (DCLR) के पद पर किया गया है।
पर्यावरण विभाग और सिवान आपूर्ति कार्यालय में भी नई तैनाती
नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) के डीसीएलआर चन्द्रशेखर कुमारन को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाया गया है। वैशाली की वरीय उप समाहर्त्ता तनुजा श्री को स्थानांतरित कर सिवान का जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) बनाया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी पारगमन काल का उपभोग किए बिना तुरंत अपने नए पदों पर योगदान देकर प्रभार ग्रहण करेंगे।