Bihar Crime: सड़क किनारे मिला मासूम का शव, तीन दिन से पड़ी थी लाश , इलाके में सनसनी

Bihar Crime: सड़क किनारे एक पांच वर्षीय मासूम का शव बरामद हुआ। शव मिलते हीं इलाके में सनसनी फैल गई। ...

Vaishali Child Body Found by Roadside Lying There for 3 Days
सड़क किनारे मिला मासूम का शव- फोटो : reporter

Bihar Crime: सड़क किनारे एक पांच वर्षीय मासूम का शव बरामद हुआ। शव मिलते हीं  इलाके में सनसनी फैल गई।  मामला वैशाली जिला के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली गांव का है, जहां लावारिस हालत में पड़े बच्चे के जिस्म ने पूरे इलाके को दहला दिया।

इत्तिला मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों के बीच खौफ और गुस्से का माहौल है। लोगों का कहना है कि मासूम का शव तकरीबन तीन दिनों से सड़क किनारे पड़ा था, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।

स्थानीय निवासी विजय दास के मुताबिक जंगल में लकड़ी चुनने पहुंचे लोगों ने पहले कुछ कपड़े पड़े देखे। जब कपड़ों को हटाया गया तो नीचे मासूम का निर्जीव शरीर देखकर सब सन्न रह गए। पास में मिले कपड़ों से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्चे को कहीं और से लाकर सुनसान जगह पर फेंका गया होगा। वारदात के पीछे साजिश, अपहरण या किसी अन्य संगीन जुर्म की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।

सूचना मिलते ही हाजीपुर सदर थाना की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने पुष्टि की कि बच्चे की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस तमाम थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि मासूम की मौत कैसे हुई क्या यह कातिलाना साजिश है या किसी और जुर्म की कड़ी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हकीकत से पर्दा उठ पाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार