Bihar Crime: महाविरी मेले से पहले सीवान में शराब की बड़ी खेप पकड़ाई, 3 तस्कर गिरफ्तार
Bihar Crime: महाविरी मेले से पहले शराब तस्करों के खिलाफ सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।...
Bihar Crime: महाविरी मेले से पहले शराब तस्करों के खिलाफ सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हरियाणा से बिहार लाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान तीन चारपहिया वाहनों से कुल 1313.91 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ तीनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 13 सितंबर को चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त सीवान’ अभियान के तहत की गई। बसंतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन वाहनों के जरिए हरियाणा से शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने कोड़र पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले उजले रंग की एक अर्टिगा को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 437.91 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक अमित को गिरफ्तार किया। वह राजेश का पुत्र और खानपुर, थाना गोहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा का निवासी बताया गया है।
इसके बाद पुलिस ने काले रंग की दूसरी अर्टिगा को रोककर तलाशी ली। इस गाड़ी से 408 लीटर शराब बरामद हुई। मौके से आकाश त्यागी को गिरफ्तार किया गया, जो रविंद्र त्यागी का पुत्र और बरना, थाना पानीपत, जिला पानीपत, हरियाणा का निवासी बताया गया है।तीसरे वाहन की तलाशी में पुलिस को 468 लीटर अवैध शराब मिली। इस मामले में कमल को गिरफ्तार किया गया। वह कृष्ण कुमार का पुत्र और बबैल, थाना पानीपत, जिला पानीपत, हरियाणा का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के अनुसार वाहनों को रोकने के दौरान आरोपितों ने मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों वाहनों को घेर लिया और आरोपितों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति भी बनी, लेकिन जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपितों के खिलाफ बसंतपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हरियाणा से शराब किस नेटवर्क के जरिए बिहार लाई गई और सीवान में इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
बसंतपुर इलाके में 25 और 26 सितंबर को प्रस्तावित महाविरी मेले से पहले इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने को अहम कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि शराब मेले में खपाने के लिए लाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच के जरिए तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।कार्रवाई में बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राम समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ताबिश इरशाद की रिपोर्ट