Madhepura Crime News: मधेपुरा में मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता को घेर कर मारी ताबड़तोड़ गोलिया, इलाके में सनसनी

मधेपुरा जिले के पुरैनी में नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पुरानी रंजिश के कोण से जांच जारी है।

Madhepura  Nardah Panchayat Shootout

मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की सोमवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही मधेपुरा सदर और उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ सहित पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और तफ्तीश में जुट गईं।

निर्माण स्थल से घर लौटते समय हुआ पहला हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, विक्की मेहता पंचायत सरकार भवन के खेल मैदान में बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य करवा रहे थे। काम खत्म करने के बाद जब वे अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए एक अपराधी ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद अपनी जान बचाने के लिए विक्की वहां से भागे, जिस दौरान उनकी चप्पल भी घटनास्थल पर ही छूट गई।

नया टोला चौक पर घेरकर बरसाई गईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भागते हुए विक्की मेहता जैसे-तैसे नया टोला चौक के पास मुख्य सड़क तक पहुंचे। लेकिन वहां मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और परिजनों को सूचना दी। परिजन गंभीर रूप से घायल विक्की को तुरंत पुरैनी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल

घटना के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

आपराधिक रिकॉर्ड और पुरानी रंजिश की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक विक्की मेहता का पंचायत क्षेत्र में काफी प्रभाव था और उन पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी के चलते इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और देर रात तक पुरैनी थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।