Ganesh Chaturthi : गणपति की पूजा और दर्शन करने पटना के महाराष्ट्र मंडल में पहुंचे राजद MLC सौरभ कुमार, राज्य में की सुख-समृद्धि और शांति की कामना

Ganesh Chaturthi : राजद MLC सौरभ कुमार आज महाराष्ट्र मंडल पहुंचे. जहाँ उन्होंने गणपति की पूजा और दर्शन किये और राज्य में सुख समृद्धि की कामना की......पढ़िए आगे

Ganesh Chaturthi : गणपति की पूजा और दर्शन करने पटना के महारा
महाराष्ट्र मंडल पहुंचे राजद MLC - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना के दारोगा प्रसाद राय पथ स्थित महाराष्ट्र मंडल में इस वर्ष गणेश चतुर्थी का उत्सव अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र मदुरई के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के स्वरूप में निर्मित पंडाल है। यहाँ मुंबई के प्रसिद्ध 'लालबाग के राजा' की तर्ज पर साढ़े 5 फीट ऊंची भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे विशेष रूप से मुंबई से मंगाया गया है।

इस बार गणपति बाप्पा का श्रृंगार बेहद खास और अलौकिक है। भगवान गणेश को हीरा, पन्ना और माणिक जड़ा हुआ 55 लाख रुपये की लागत का सोने का मुकुट पहनाया गया है। उत्सव के दौरान राजद एमएलसी सौरभ कुमार ने महाराष्ट्र मंडल पहुँचकर भगवान गणपति की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता राजेश सिंह भी मौजूद रहे।

महाराष्ट्र मंडल प्रबंधन के अनुसार, भव्य पंडाल के निर्माण के लिए मुंबई से 12 विशेष कारीगरों की टीम बुलाई गई थी, जिन्होंने पंडाल के आंतरिक और बाहरी हिस्से को मीनाक्षी मंदिर की तरह आकार दिया है। ईको-फ्रेंडली साढ़ू मिट्टी से निर्मित इस प्रतिमा को पूजा के प्रथम दिन 501 मोदक का महाभोग लगाया गया। परिसर की सजावट के लिए बंगाल से विशेष फूल मंगाए गए हैं, जबकि कोलकाता के चंदननगर की आकर्षक विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

गणेशोत्सव के समापन दिवस यानी 20 सितंबर को प्रातः 11 बजे से महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। इस विसर्जन शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण नासिक से आ रही 60 सदस्यीय 'झांझ पथक' टीम होगी, जिसमें 20 महिला और 40 पुरुष कलाकार शामिल हैं। यह दल अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और हैरत अंगेज करतबों से विसर्जन जुलूस में विशेष रंग भरेगा।