Bihar Crime: बांस के झुरमुट में मिला युवक का शव, रहस्यमयी मौत से सनसनी, परिवार में मचा कोहराम
Bihar Crime:बांस के झुरमुट के बीच एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।...
Bihar Crime:बांस के झुरमुट के बीच एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शिवहर जिले से एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां तरियानी थाना क्षेत्र के औरा मलीकाना गांव में बांस के झुरमुट के बीच एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने जब शव देखा तो गांव में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय राहुल कुमार, पिता रामबाबू सहनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राहुल शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर से निकला था। परिवार को लगा था कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन रात गहराती गई और वह वापस नहीं आया। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
अगली सुबह गांव के लोगों ने बांसवारी क्षेत्र में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता रामबाबू सहनी का धैर्य टूट गया और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही तरियानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी कि यह हत्या है या फिर कोई अन्य कारण।
फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस की जांच पर अब सबकी नजर टिकी हुई है कि आखिर बांस के झुरमुट में मिली यह मौत एक हादसा है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है।