पत्नी को 'डायन' कहने का विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या, गांव में तनाव
Muzaffarpur : डायन का आरोप लगाकर महिला के दरवाजे पर महिला को पीटने पहुंच गए और महिला को गाली गलौज किया जा रहा था, इसी बीच महिला के पति ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने महिला के बुजुर्ग पति को मार डाला
Muzaffarpur : जिले के कुढ़नी ब्लॉक अंतर्गत फकुली थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में अंधविश्वास और हिंसा का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक बुजुर्ग महिला पर गांव के ही कुछ दबंगों ने 'डायन' होने का आरोप लगाकर उनके घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान जब महिला के 72 वर्षीय पति मोहम्मद हबीब ने अपनी पत्नी के बचाव में बदमाशों का विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट और धक्का-मुक्की की, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और हड़कंप का माहौल है।
घर में घुसकर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से हमला
परिजनों के अनुसार, यह विवाद शनिवार सुबह तब शुरू हुआ जब गांव के ही पवन सिंह का बेटा गोलू अपने कई साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर मोहम्मद हबीब के दरवाजे पर पहुँच गया। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को लक्ष्य कर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और उन पर डायन होने का झूठा आरोप लगाते हुए उन्हें पीटने की कोशिश की। जैसे ही मोहम्मद हबीब अपनी पत्नी को बचाने के लिए आगे आए, हमलावरों ने अपनी पूरी ताकत उन पर झोंक दी। लाठी-डंडों के प्रहार और शारीरिक प्रताड़ना के कारण बुजुर्ग ने अपने दरवाजे पर ही दम तोड़ दिया।
हमले के दौरान पड़ा दिल का दौरा
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि मृतक मोहम्मद हबीब पहले से ही काफी मानसिक दबाव में थे। हाल ही में उनके पोते का निधन हुआ था, जिससे वह सदमे में थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बदमाशों द्वारा की गई मारपीट और दिए गए जोर के धक्के के कारण बुजुर्ग का हृदय यह दबाव सहन नहीं कर सका और उन्हें दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ गया। परिजनों का आरोप है कि अगर ये लोग घर पर हमला न करते, तो उनके मुखिया की जान बच सकती थी।
कांड दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी-2 के एसडीपीओ अनिमेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में कांड दर्ज कर लिया है। उन्होंने पुष्टि की कि पत्नी को डायन कहकर गाली देने का विरोध करने पर मोहम्मद हबीब को धक्का दिया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की और अधिक स्पष्टता हो सकेगी।
गांव में पुलिस का पहरा
फतेहपुर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मुख्य आरोपी गोलू और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसडीपीओ ने आश्वासन दिया है कि कानून को हाथ में लेने वाले और अंधविश्वास फैलाकर हिंसा करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव के लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
मणिभूषण की रिपोर्ट