घर में रखे फ्रिज में हुआ जोरदार धमाका, एक ही परिवार की के चार लोगों की मौत... पसरा मातम

मृतकों की पहचान शारदा गजानन धामोने (48), प्रिया गजानन धामोने (27), गंगा गजानन धामोने (24) और भारती राजाराम धामोने (50) के रूप में हुई है। वहीं गजानन राजाराम धामोने और रोशन गजानन धामोने गंभीर रूप से झुलस गए हैं

Refrigerator Explosion
Refrigerator Explosion- फोटो : news4nation

Refrigerator Blast :  घर में रखा फ्रिज अगर अचानक धमाका कर जाए तो यह पूरे परिवार की जिंदगी छीन सकता है। कर्नाटक के बेलगावी में मंगलवार तड़के ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ, जहां फ्रिज में हुए कथित धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना शहर के बीचोंबीच स्थित चावत गली में करीब रात 2.30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण धमाका हुआ, जिसके बाद पुराने मकान में तेजी से आग फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ ही देर में मकान आग की लपटों में घिर गया और चार लोगों की मौत हो गई। आग में घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है।


मृतकों की पहचान शारदा गजानन धामोने (48), प्रिया गजानन धामोने (27), गंगा गजानन धामोने (24) और भारती राजाराम धामोने (50) के रूप में हुई है। वहीं गजानन राजाराम धामोने और रोशन गजानन धामोने गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बताया गया कि धामोने परिवार के सभी छह सदस्य घर में मौजूद थे। परिवार मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। हादसे से कुछ देर पहले तक परिवार के लोग गणेश चतुर्थी के उत्सव में शामिल थे। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार करीब रात 1.30 बजे तक जाग रहा था और इसके बाद सोने चला गया। करीब एक घंटे बाद अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी और घर में आग लग गई।


गणेश चतुर्थी के कारण आसपास के कई लोगों ने शुरुआत में धमाके की आवाज को पटाखों की आवाज समझा। बाद में घर से आग की लपटें निकलती देख लोगों को हादसे का पता चला।


घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। बेलगावी अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन और विधायक आसिफ सैत ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।


मार्केट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती तौर पर फ्रिज में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।