पटना पुलिस का "ऑपरेशन मुस्कान": गुमशुदा मोबाइलों की वापसी से लौट रही लोगों की खुशी

पटना पुलिस का "ऑपरेशन मुस्कान": गुमशुदा मोबाइलों की वापसी से
गुमशुदा मोबाइलों की वापसी से लौट रही लोगों की खुशी- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पटना पुलिस द्वारा लगातार "ऑपरेशन मुस्कान" अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के खोए या गुम हुए मोबाइल फोनों को तकनीकी सहायता से ढूंढकर उन्हें सुरक्षित उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी से भी राहत मिल सके।


एक दिन में 61 मोबाइलों की बड़ी बरामदगी

इसी कड़ी में पटना पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मंगलवार को पटना पश्चिम क्षेत्र में कुल 61 गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। इन सभी मोबाइल फोनों को उनके असली मालिकों की पहचान कर उन्हें विधिवत रूप से सुपुर्द किया गया, जिनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15,50,000/- है।


दो महीनों में 304 मोबाइलों का सफल रिकवरी

पटना पुलिस के इस सराहनीय अभियान की रफ्तार और प्रभावशीलता लगातार बढ़ रही है। इस बात का प्रमाण यह है कि "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत विगत दो महीनों के भीतर अब तक कुल 304 गुम और खोए हुए मोबाइल फोनों को खोज निकाला गया है और उनके वास्तविक धारकों को सुरक्षित लौटाया जा चुका है।


वरिष्ठ अधिकारियों का कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन

यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), पटना के कुशल निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (SP), पश्चिमी, पटना के सक्रिय नेतृत्व में अंजाम दी गई है। तकनीकी सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त एवं त्वरित कार्रवाई के कारण ही इतनी कम समय में गुमशुदा मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद करना संभव हो पाया है।


जनमानस में बढ़ा पुलिस के प्रति अटूट विश्वास

कीमती गैजेट खोने के बाद मायूस हो चुके लोगों के लिए यह अभियान एक बड़ी राहत बनकर सामने आया है। हर एक बरामद मोबाइल के साथ लोगों के बीच पुलिस प्रशासन के प्रति एक नई उम्मीद, गहरा विश्वास और चेहरों पर सच्ची मुस्कान वापस लौट रही है, जिसकी चौतरफा सराहना की जा रही है।


रंजीत की रिपोर्ट