पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना की साजिश नाकाम : अवैध हथियारों के साथ 3 गिरफ्तार, 1 नाबालिग निरुद्ध

पटना पुलिस की सतर्कता से राजधानी में एक बड़ी संभावित आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने तीन बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है....

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना की साजिश ना
पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना पुलिस की सतर्कता से राजधानी में एक बड़ी संभावित आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। मेहंदीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ घूम रहे तीन शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की इस सफलता से इलाके में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।


गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने की छापेमारी

घटना के संबंध में बताया गया कि मेहंदीगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों से लैस होकर इलाके में घूम रहे हैं और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थान पर तुरंत छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया गया।


देशी पिस्टल, कट्टा और नकदी बरामद

पकड़े गए अभियुक्तों और निरुद्ध बालक की तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, एक देशी कट्टा, दो मोबाइल फोन और 14,500 नकद जब्त किए हैं। पुलिस सभी बरामद सामग्रियों को जब्त कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और उनका उपयोग किस वारदात में होना था।


एक अभियुक्त का पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार तीन अभियुक्तों में से एक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस आरोपियों के अन्य सहयोगियों और उनके नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है ताकि उनसे जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।


आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई जारी

मामले में मेहंदीगंज थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान को और तेज कर दिया गया है।


रंजीत की रिपोर्ट