Patna Instagram Love: इंस्टाग्राम से शुरु हुई लव स्टोरी, शादी का वादा, होटल में बना शारीरिक संबंध, अब युवती पहुंची थाने
Patna Instagram Love: पटना में सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती कथित तौर पर धोखे और शारीरिक संबंध के गंभीर आरोपों तक पहुंच गई।...
Patna Instagram Love: पटना में सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती कथित तौर पर धोखे और यौन शोषण के गंभीर आरोपों तक पहुंच गई। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने कथित तौर पर रिश्ता तोड़ दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में सकसोहरा निवासी हर्ष राज को आरोपी बनाया है। उसके अनुसार, कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी लगातार शादी का यकीन दिलाता रहा, जिससे उसने उस पर भरोसा कर लिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी इस वर्ष 14 जनवरी, 17 फरवरी, 5 अप्रैल और 4 मई को पटना आया। हर बार वह युवती को श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड स्थित एक निजी होटल में ले गया, जहां कथित तौर पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब भी उसने एतराज़ जताया, आरोपी जल्द निकाह/शादी करने का वादा कर उसे भरोसा देता रहा।
युवती का आरोप है कि बाद में जब उसने शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया तो आरोपी का रुख बदल गया। उसने बातचीत कम कर दी और अंततः शादी से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह केवल उसका इस्तेमाल कर रहा था और अब उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहता।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब उसने कानूनी कार्रवाई की बात की तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली।
मामले के बाद युवती ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। महिला थाना की ओर से कहा गया है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और पुलिस ने किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार