ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला था पटना, बाइक सवार बदमाशों ने कार पर बरसाईं थी गोलियां, अभी तक नहीं पकड़े गए बदमाश
Patna Crime News: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए।..
Patna Crime News: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। राजीव नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस हमले में कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना 17 जुलाई की है, इस बाबत 18 जुलाई को एफआईआर दर्ज की गई है। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार अपराधियों ने कार पर गोली चला दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। बरामद खोखे के आधार पर पुलिस फायरिंग की प्रकृति और इस्तेमाल किए गए हथियार की जांच कर रही है। वहीं, पीड़ित की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे अपराधियों की मंशा क्या थी। क्या यह हमला आपसी विवाद, डराने-धमकाने या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान हो सके। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी खाली है।
राजधानी में इस तरह खुलेआम फायरिंग की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल राजीव नगर थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है और सभी संभावित एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार