रिश्तों का दर्दनाक अंजाम, नालंदा में एक ही परिवार पर टूटा मौत का कहर, तीन की मौत, एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा

Bihar Crime: एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा आत्मघाती कदम उठाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।...

रिश्तों का दर्दनाक अंजाम, नालंदा में एक ही परिवार पर टूटा मौ
रिश्तों का दर्दनाक अंजाम- फोटो : reporter

Nalanda: जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा आत्मघाती कदम उठाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में पिता, पुत्र और बहू की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय दिलेन्द्र तांती, उनके 40 वर्षीय पुत्र रंजीत तांती और 30 वर्षीय बहू गोरी देवी के रूप में हुई है। वहीं, परिवार के सदस्य पुरुषोत्तम तांती का निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है। रंजीत तांती ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार घटनाक्रम अलग-अलग समय पर सामने आया। सबसे पहले सुबह पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उन्हें बचाकर अस्पताल पहुंचा दिया। इसके बाद शाम में रंजीत तांती और उनकी पत्नी गोरी देवी ने कथित रूप से गेहूं में इस्तेमाल होने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पहले गोरी देवी और बाद में रंजीत की मौत हो गई। इसी बीच परिवार के मुखिया दिलेन्द्र तांती ने घर की छत में फंदा लगाकर जान दे दी।

घटना के बाद परिवार के चार वर्षीय बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता बाजार से जहरीली दवा लाए थे और उसे भी देने की कोशिश की थी, लेकिन उसने दवा फेंक दी। पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका सामने आई है कि परिवार के भीतर संबंधों को लेकर विवाद और सामाजिक ग्लानि की स्थिति इस घटना का कारण हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। पुलिस साक्ष्य जुटाने, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय