Bihar Crime: BSF जवान के बेटे के घर STF की छापेमारी, ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का बिहार कनेक्शन से मचा हड़कंप

Bihar Crime: अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का नेटवर्क अब बिहार के नालंदा जिले तक पहुंच गया है।...

STF Raid
BSF जवान के बेटे के घर STF की छापेमारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का नेटवर्क अब बिहार के नालंदा जिले तक पहुंच गया है। इस मामले में बुधवार देर शाम बिहार एसटीएफ की 15 सदस्यीय टीम ने दीपनगर थाना क्षेत्र के वियावानी गांव में छापेमारी की। टीम ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान के बेटे निकुंज कुमार के घर पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, बैंक पासबुक और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, पटना के दानापुर से गिरफ्तार कौशल कुमार से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर एसटीएफ की टीम नालंदा पहुंची थी। कौशल की निशानदेही पर निकुंज कुमार के घर को जांच के दायरे में लिया गया। बताया जा रहा है कि कौशल के पटना में तीन फ्लैट और बिहारशरीफ में आलीशान मकान होने की जानकारी भी सामने आई है। जांच एजेंसी अब उसके आर्थिक लेन-देन और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इस बीच निकुंज कुमार की मां रंजू देवी ने अपने बेटे को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निकुंज फिलिप्स कंपनी की एजेंसी चलाता है। इसके अलावा वह सैनिकों की कैंटीन का भी संचालन करता है। रंजू देवी के मुताबिक, उनके बेटे का ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।बताया जा रहा है कि एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क के खिलाफ पांच राज्यों में एक साथ कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई और 43 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी को शक है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और इसके जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में नालंदा से भी एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। एसटीएफ जब्त मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेजों के जरिए गिरोह के आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों और दूसरे संपर्कों की पड़ताल कर रही है

फिलहाल जांच का दायरा बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। निकुंज कुमार और उसके परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों तथा जांच एजेंसी को मिले सुरागों के बीच मामले की असल तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय