Janakpur Ayodhya Express: जनकपुरधाम से अयोध्या तक दौड़ेगी एक्सप्रेस ट्रेन, नोट कर लें टाइम-टेबल, 23 नवंबर को PM मोदी और बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी

Janakpur Ayodhya Express:भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है।...

Janakpur to Ayodhya Express
जनकपुरधाम से अयोध्या तक दौड़ेगी एक्सप्रेस ट्रेन- फोटो : X

Janakpur Ayodhya Express:भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रस्ताव को रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस नई रेल सेवा से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम और भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या सीधे जुड़ जाएंगी। दोनों देशों के श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए यह बड़ी सौगात मानी जा रही है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार ने 17 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दोनों स्थानों से ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। मुख्य समारोह लखनऊ में आयोजित किया गया है। जयनगर और जनकपुरधाम में भी उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 17 कोचों वाली यह साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा दोनों देशों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी नया विस्तार दे सकती है।

नई रेल सेवा के परिचालन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद शुरू हो गई है। नेपाली सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट और एसपी भीम बिष्ट ने जनकपुरधाम से जयनगर तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों और हॉल्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन परिसर की व्यवस्था और रेल परिचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15595 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 2:10 बजे जयनगर, शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। इसके बाद गोरखपुर होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह रात 10:13 बजे गोरखपुर, देर रात 1:50 बजे नरकटियागंज और सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर होते हुए दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।

रेलवे बोर्ड के मुताबिक, ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव जनकपुरधाम के बाद भारत में जयनगर, मधुबनी, दरभंगा के शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्याधाम में होगा। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में किया जाएगा। वहीं, नरकटियागंज और गोरखपुर में पानी भरने की व्यवस्था रहेगी।

इस रेल सेवा से मिथिलांचल और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं सुगम होंगी। खासकर जनकपुरधाम में माता सीता के दर्शन और अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक मेलजोल को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।