1000 रुपये में यूपी से लाते हैं शराब... गिरफ्तार महिलाओं ने खोली शराबबंदी की पोल, बोलीं-अखाड़ाघाट में धड़ल्ले से चलता है कारोबार
उत्पाद विभाग की कार्रवाई में गिरफ्तार पांच महिला शराब तस्करों ने पूछताछ के दौरान ऐसे खुलासे किए हैं, जिसने बिहार में शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर से शराबबंदी कानून को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्पाद विभाग की कार्रवाई में गिरफ्तार पांच महिला शराब तस्करों ने पूछताछ के दौरान ऐसे खुलासे किए हैं, जिसने बिहार में शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को उत्पाद विभाग की टीम ने सदर थाना क्षेत्र के पताही इलाके में कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि महिलाएं उत्तर प्रदेश से शराब लेकर पहले छपरा पहुंचीं और वहां से ऑटो में सवार होकर मुजफ्फरपुर आ रही थीं।बताया गया कि महिलाओं ने शराब को इस तरह छिपाकर रखा था कि जिस ऑटो से वे यात्रा कर रही थीं, उसके चालक को भी इसकी भनक नहीं लगी। हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी महिलाओं को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर ओपी क्षेत्र के अखाड़ाघाट की रहने वाली हैं। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक तंगी के कारण वे इस धंधे से जुड़ीं। महिलाओं के अनुसार, कुछ लोग उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर मुजफ्फरपुर में बेचते हैं, जबकि कुछ महिलाओं को केवल शराब की खेप पहुंचाने के एवज में एक हजार रुपये दिए जाते हैं।गिरफ्तार महिलाओं ने यह भी दावा किया कि उनके इलाके में सिर्फ वे पांच महिलाएं ही नहीं, बल्कि कई अन्य महिला और पुरुष भी शराब के अवैध कारोबार में शामिल हैं। उनके इस बयान के बाद स्थानीय स्तर पर शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, महिलाओं द्वारा पूछताछ में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और उत्पाद विभाग अब उनके बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि शराब की सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री तथा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस ताजा कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने संकेत दिए हैं कि शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा