Bihar Crime:शादी की खुशियों में खौफ का तांडव, स्टेज पर चढ़ युवक ने लहराई पिस्टल, फायरिंग और धमकी से मचा हड़कंप

Bihar Crime:एक शादी समारोह उस समय दहशत और अफरातफरी में बदल गया, जब खुशियों के बीच अचानक हथियार का साया मंडराने लगा।...

Muzaffarpur Wedding Celebration Turns Terrifying as Youth Br
शादी की खुशियों में खौफ का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक शादी समारोह उस समय दहशत और अफरातफरी में बदल गया, जब खुशियों के बीच अचानक हथियार का साया मंडराने लगा। पूरा मामला देवरिया थाना क्षेत्र के चक देवरिया गांव का है, जहां शादी का माहौल अचानक खौफनाक बन गया।जानकारी के अनुसार, उमेश सहनी के घर 5 मई को बारात आने वाली थी। घर में रिश्तेदारों की भीड़, शहनाई की धुन और खुशियों का माहौल था, लेकिन इसी बीच एक युवक ने ऐसा कृत्य किया जिसने पूरे समारोह को दहशत में बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पारू थाना क्षेत्र निवासी सूदन सहनी अचानक स्टेज पर चढ़ गया और खुलेआम पिस्टल लहराने लगा। यह नजारा देखकर लोग पहले तो हैरान रह गए, फिर मौके पर अफरातफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।जब शादी वाले परिवार ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी गुस्से में आग-बबूला हो गया और परिवार के लोगों को ही जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने स्टेज पर ही फायरिंग भी कर दी, जिससे माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और शादी का जश्न एक डरावने मंजर में बदल गया। लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे रहे।पीड़ित परिवार ने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस से की और लिखित आवेदन दिया। आवेदन मिलने के बाद देवरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।

इस पूरे मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शादी समारोह में हथियार लहराने और फायरिंग की सूचना गंभीरता से ली गई है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी जैसे पवित्र और खुशियों भरे मौके पर इस तरह की घटना ने समाज में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर समारोहों में हथियार लेकर पहुंचना कितना खतरनाक और असुरक्षित होता जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा