Bihar Crime: गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद में मुखिया दंपती पर जानलेवा हमला, हालत नाज़ुक

Bihar Crime: गाड़ी साइड लेने का विवाद में मुखिया पति लहूलुहान हो गए।....

Muzaffarpur Village Head Couple Critically
मुखिया दंपती पर जानलेवा हमला- फोटो : reporter

Bihr Crime: गाड़ी साइड लेने का विवाद में  मुखिया पति लहूलुहान हो गए। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बिशुनपुर बघनगरी पंचायत के मुखिया दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया गया। मामूली गाड़ी साइड लेने का विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया और मुखिया पति रंजीत मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा लहूलुहान हो गए।

घटना बिशुनपुर बघनगरी पंचायत की है, जो सकरा थाना इलाके में आती है। बताया जाता है कि पंचायत की मुखिया बबिता कुमारी अपने पति के साथ एक निजी कार्यक्रम से लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में कार सवार कुछ युवकों से गाड़ी साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। चंद मिनटों में मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आरोप है कि बदमाशों ने घात लगाकर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बबलू मिश्रा पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना संगीन था कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें सकरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मुखिया बबिता कुमारी का आरोप है कि यह कोई साधारण सड़क विवाद नहीं, बल्कि सोची-समझी साज़िश थी। उनका कहना है कि हमलावरों की नीयत साफ तौर पर जान लेने की थी।

सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश जारी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक थाने में औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है, जिससे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अधूरी मानी जा रही है।अब सवाल यह है कि क्या यह महज रोड रेज का मामला है या सियासी रंजिश की पृष्ठभूमि में रची गई साज़िश? पुलिस की जांच से ही पूरे राज़ से पर्दा उठेगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा