सीमेंट की आड़ में शराब तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल तक पीछा कर उत्पाद विभाग ने पकड़ी पिकअप, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने ऐसी ही एक बड़ी तस्करी की साजिश का पर्दाफाश करते हुए सीमेंट की बोरियों की आड़ में छिपाकर लाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी गांव में एक पिकअप वाहन से सीमेंट की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की योजना बनाई गई।
टीम जब बरुआरी गांव पहुंची तो संदिग्ध पिकअप को घेरने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख चालक वाहन लेकर गांव से निकलकर घने जंगलों की ओर भागने लगा। उत्पाद विभाग की टीम ने भी तत्परता दिखाते हुए पिकअप का पीछा किया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद चालक वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
उत्पाद विभाग ने मौके से पिकअप को अपने कब्जे में लेकर उत्पाद थाना पहुंचाया। वाहन की तलाशी लेने पर सीमेंट की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। फिलहाल बरामद शराब की बोतलों की गिनती और मिलान की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद इसकी कुल मात्रा और अनुमानित कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बरामद वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही फरार चालक और इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग का कहना है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तस्करों के नए तौर-तरीकों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा